Breaking News

Welcome You

Thursday 29 November 2012

शेरघाटी की स्थिति को सामान्य करने में जुटा प्रशासन


शेरघाटी में उठे हिन्दुओ और मुसलमानों में विवाद को लेकर 23 प्राथमिकी, 2 गिरफ्तार और 12 लोगों के हिरासत में लेने के बाद शहर की स्थिति को सामान्य करने में प्रशासन प्रयास कर रहा है। पर, बुधवार की रात शहर से हिरासत में लिए गए लोगों के विरोध स्वरूप गुरुवार को शेरघाटी शहर का मुख्य व्यवसायिक बाजार, गोला बाजार तीसरे दिन भी बंद रहा। व्यवसायी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तौर-तरीकों का विरोध कर रहे हैं। उनका मानना है कि जिस तरह रात्रि में घर में किवाड़ तोड़कर एवं छत के सहारे गिरफ्तारी की गयी है वह जायज नहीं कही जा सकती है।

जबकि जिलाधिकारी वंदना प्रेयसी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने गुरुवार को शेरघाटी पहुंचकर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया और माहौल को सामान्य बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। शेरघाटी अनुमंडल पदाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि प्रशासन अपना काम ईमानदारी पूर्वक कर रहा है। आमलोग अफवाह पर ध्यान न दें, शाति व्यवस्था बनाने में सहयोग दें। प्रशासन उपद्रवियों से कड़ाई से निपटेगी।

शेरघाटी शहर एवं हमजापुर में किसी भी अप्रिय वारदात से निपटने के लिए प्रशासन मुस्तैद हो गयी है। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दो दर्जन से अधिक स्थलों को चिह्नित कर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा ताकि किसी असमाजिक तत्व के मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाए। इस प्रकार आमस के हेमजापुर में भी मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त कर पुलिस बल की तैनाती की गयी है। प्रशासन द्वारा दावा किया गया है कि स्थिति नियंत्रण में है और आने वाले चौबीस घटे में यह सामान्य हो जाएगा।

No comments:

Post a Comment